शारदा नदी का कहर : हजारा क्षेत्र में फिर बाढ़ का संकट

शारदा नदी का कहर : हजारा क्षेत्र में फिर बाढ़ का संकट
पूरनपुर,पीलीभीत।शारदा नदी के जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी ने हजारा क्षेत्र के हालात बिगाड़ दिए हैं।तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।खेत जलमग्न हो गए हैं,सड़कें टूटकर आवागमन बाधित हो गया है और ग्रामीण नावों व अस्थायी साधनों से सफर करने को मजबूर हैं।पहाड़ो पर लगातार हो रही बारिश से शारदा नदी उफान पर है। उफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है धान और गन्ने की खड़ी फसल जलमग्न हो गई है। मवेशियों के लिए चारे का संकट गहराने लगा है। कई परिवारों ने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।हजारा क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को जरूरी सामान लाने-ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात और मुश्किल हो गए हैं।बाढ़ नियंत्रण विभाग ने प्रभावित इलाकों में टीमों को सक्रिय कर दिया है। गांवों में नावें पहुंचाई जा रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और खतरे की स्थिति में ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। राहत शिविरों की तैयारी भी तेज कर दी गई है।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है।ऐसे में शारदा का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। इससे बाढ़ प्रभावित इलाकों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।




