शाहजहांपुर किसान आंदोलन के समर्थन में पूरनपुर में भाकियू का अर्धनग्न प्रदर्शन

शाहजहांपुर किसान आंदोलन के समर्थन में पूरनपुर में भाकियू का अर्धनग्न प्रदर्शन
पूरनपुर/पीलीभीत। बुधवार सुबह 11 बजे तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) के कार्यकर्ताओं ने शाहजहांपुर पुलिस प्रशासन के खिलाफ अर्धनग्न होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाकियू जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर की तहसील पुवायां के मंडी परिसर में किसान 28 जुलाई से धरने पर बैठे हैं। 29 दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान संगठन लगातार अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। यहां तक कि पिछले चार दिनों से किसान भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं, बावजूद इसके प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि किसानों पर पुलिस द्वारा झूठे और फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन्हें खत्म करने की मांग को लेकर लखनऊ मंडल और बरेली मंडल की सभी तहसीलों और जिलों में किसान संगठन अर्धनग्न प्रदर्शन कर रहे हैं।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की अनदेखी करना सरकार और प्रशासन के लिए गंभीर परिणाम ला सकता है। इस मौके पर भारी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने की मांग की।




