टॉप न्यूज़युवायूपीराज्यलोकल न्यूज़
सावन माह के अंतिम सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजा ‘हर-हर महादेव’
एसपी ने पुलिस टीम के साथ गौरीशंकर मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

एसपी अभिषेक यादव ने पुलिस टीम के साथ गौरीशंकर मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
ब्यूरो,पीलीभीत।
सावन माह के अंतिम सोमवार को नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही शिव भक्त जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए मंदिरों में कतारबद्ध नजर आए। भक्तों ने बेलपत्र, दूध, गंगाजल और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्रसिद्ध गौरीशंकर मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर समेत दर्जनों शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। महिलाएं, युवतियां और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति में लीन दिखे। जगह-जगह कांवर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं ने भी जल चढ़ाकर दर्शन लाभ प्राप्त किया।पुलिस प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को पंक्ति बद्ध दर्शन कराए गए। स्वयंसेवी संस्थाओं ने शीतल जल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की।चतुर्थ सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पीलीभीत अभिषेक यादव ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा व दर्शनार्थियों के लिए की गई सुरक्षा और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने मौके पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और मुस्तैदी को परखा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियंत्रण, प्राथमिक उपचार केंद्र, पेयजल व्यवस्था तथा खोया-पाया केंद्र जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों की टीमों को अलर्ट मोड में रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।श्रावण के पवित्र माह में शिव भक्तों की आस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की तैयारियों की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।




