सास, बहू और बेटे ने मिलकर सीखा ‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का महत्व
परिवार नियोजन पर जागरूकता बढ़ाने को बीसलपुर में अनोखा सम्मेलन

सास, बहू और बेटे ने मिलकर सीखा ‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का महत्व
परिवार नियोजन पर जागरूकता बढ़ाने को बीसलपुर में अनोखा सम्मेलन
पीलीभीत।शनिवार को ब्लाक बीसलपुर के शिवपुरी नवदिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सास-बेटा-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया।सम्मेलन का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 आलोक कुमार द्वारा फीता काट कर किया गया। सम्मेलन के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को गुब्बारों एवं आकर्षक रंगोली द्वारा सजाया गया था। सम्मेलन में नवदम्पत्तियों, परिवार नियोजन के साधन अपनाने वाली लाभार्थियों तथा परिवार नियोजन के लक्ष्य दम्पत्तियों के साथ-साथ, क्षेत्र की सास, बेटा एवं बहूओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। सम्मेलन के आरम्भ में सास, बेटा एवं बहू द्वारा एक दूसरे का परिचय कराया गया एवं उनकी एक विशेषता भी बतायी गयी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सम्मेलन में आये प्रतिभागियों का स्वागत करते हुये सास-बेटा-बहू सम्मेलन के आयोजन के उद्देश्य के विषय में जानकारी देते हुये बताया कि उक्त सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सास, बहू एवं बेटा के मध्य परस्पर समन्वय एवं संवाद को उनके पारस्परिक अनुभवों के आधार पर रूचिकर खेलों और गतिविधियोके माध्यम से बेहतर करना है जिससे वह प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति अपनी अवधारणों, व्यवहार एवं विश्वास में बदलाव ला सकें। परिवार नियोजन प्रबन्धक अमित शर्मा द्वारा परिवार नियोजन का महत्व एवं बाॅस्केट आफ च्वाइस के माध्यम से परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गयी।सम्मेलन में टीएसयू से डीएससीएच अरून पाण्डेय ने प्रतिभागियों को परिवार नियोजन के साधनों का प्रयोग कर दो बच्चों में अन्तर रखना एवं शादी के बाद 02 वर्ष का अन्तर रखने के विषय में जानकारी प्रदान की एवं छोटा परिवार होने के लाभ के विषय में प्रतिभागियों को अवगत करया। सम्मेलन में गुब्बारों की सहायता से रोचक खेल का भी आयोजन किया गया जिसके माध्यम से अधिक बच्चे होने पर परिवार में आने वाली कठिनाईयों एवं समस्याओं तथा कम बच्चे होने पर उनकी अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जरूरतों पर चर्चा की गयी। इसके साथ ही छोटा परिवार सुखी परिवार का भी महत्व बताया गया।सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले नवदम्पत्तियों को शगुन किट वितरित की गई एवं प्रतिभागियों से परिवार नियोजन से सम्बन्धित प्रश्न-उत्तर कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। सम्मेलन के अन्त में प्रतिभाग करने वाले पुरूष प्रतिभागियों को अपने परिवार की देखभाल करने, उनका ध्यान रखने, परिवार नियोजन का साधन अपनाकर अपने परिवार को छोटा रखने एवं अपने आस-पास तथा सहकर्मियों को भी परिवार नियोजन के लाभ एवं साधन अपनाने के लिये प्रेरित करने हेतु शपथ भी दिलायी गयी।उक्त सम्मेलन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 आलोक कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 लेखराज गंगवार, पीएचसी से डाॅ0 चिराग अरोडा,जिला परिवार नियोजन प्रबन्धक श्री अमित शर्मा, डीएससीएच अरून पाण्डेय, बीपीएम प्रदीप गंगवार, बीसीपीएम सरफराज हुसैन,फार्मासिस्ट यतेन्द्र कुमार, क्षेत्रीय एएनएम सुनीता एवं सीएचओ हिमानी चैहान एवं आशा मीना कुमारी, नीरज देवी, अंगूरा देवी सहित अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया।




