सास-बेटा-बहू सम्मेलन में गूंजा छोटा परिवार-सुखी परिवार का संदेश

सास-बेटा-बहू सम्मेलन में गूंजा छोटा परिवार-सुखी परिवार का संदेश
पीलीभीत।नगर क्षेत्र के मोहल्ला सुनगढ़ी, वार्ड नंबर 06 स्थित मदर ग्रेश पब्लिक स्कूल में आज सास-बेटा-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार एवं स्थानीय सभासद श्रीमती रत्ना शुक्ला ने फीता काटकर किया।स्कूल परिसर को गुब्बारों और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों, परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने वाले लाभार्थियों और लक्ष्य दंपत्तियों के साथ-साथ क्षेत्र की सासों, बेटों और बहुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत सास, बेटा और बहू द्वारा एक-दूसरे का परिचय देने और उनकी विशेषताएं साझा करने से हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन सास, बहू और बेटे के बीच संवाद एवं समन्वय को बढ़ाने के लिए किया गया है, ताकि वे प्रजनन स्वास्थ्य, व्यवहार और विश्वास में सकारात्मक बदलाव ला सकें।परिवार नियोजन प्रबंधक श्री अमित शर्मा ने “बास्केट ऑफ चॉइस” के तहत स्थायी व अस्थायी साधनों की जानकारी देते हुए परिवार नियोजन के महत्व पर जोर दिया। जिला अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर कमल कुमार ने सम्मेलन का सफल संचालन करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, वहीं जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता श्री नितिन गंगावार ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस की तिथियों और महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।स्थानीय एएनएम श्रीमती संत कुमारी ने दो बच्चों के बीच अंतर रखने, विवाह के बाद दो वर्ष का अंतर रखने और छोटे परिवार के लाभों पर चर्चा की। कार्यक्रम में गुब्बारों के माध्यम से एक रोचक खेल का आयोजन भी हुआ, जिसमें अधिक बच्चों वाले परिवारों में आने वाली समस्याओं और छोटे परिवार के लाभों पर प्रकाश डाला गया।सम्मेलन में भाग लेने वाले नवदम्पत्तियों को “शगुन किट” वितरित की गई और एक प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें सही उत्तर देने वालों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम के अंत में पुरुष प्रतिभागियों को अपने परिवार की देखभाल करने, परिवार नियोजन अपनाने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर डॉ. आलोक कुमार, रत्ना शुक्ला, अमित शर्मा, कमल कुमार, नितिन गंगावार, संत कुमारी, आशा कार्यकर्ता राखी रानी व शैफाली सक्सेना, मास समिति अध्यक्ष नीरू सोनकर सहित कई लोग उपस्थित रहे।




