रेलवे क्रॉसिंगों पर जाम की समस्या विकराल, दिक्कत बेमिसाल
स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई

रेलवे क्रॉसिंगों पर जाम की समस्या विकराल, दिक्कत बेमिसाल
स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई
पूरनपुर, पीलीभीत। नगर क्षेत्र में स्थित माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग और शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। रोजाना हजारों लोगों का आवागमन इस मार्ग से होता है, लेकिन ट्रेन गुजरने के दौरान क्रॉसिंग बंद होने पर घंटों लंबी कतारें लग जाती हैं। सबसे अधिक समस्या तब खड़ी होती है जब ट्रेन निकलने के बाद भी तकनीकी खराबी के चलते बैरियर समय पर नहीं खुल पाते। ऐसे में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और चारों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग जाती हैं। जाम से न केवल राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान होते हैं बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी भारी दिक्कत झेलनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस तक घंटों फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है और जरूरी कार्यों में भी काफी देरी होती है। लगातार बढ़ रही इस समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों ने शनिवार दोपहर दो बजे प्रदर्शन कर रेलवे विभाग से दोनों स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्या और गंभीर हो सकती है।स्थानीय निवासी सोना गुप्ता का कहना है –
सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने और दोपहर को लेने के वक्त अक्सर ट्रेन गुजर जाती है। क्रॉसिंग बंद होने के बाद घंटों इंतजार करना पड़ता है। बच्चे देर से स्कूल पहुँचते हैं और घर लौटने में भी दिक्कत होती है।ऑटो चालक रिजवान बोले –
“हम लोगों की रोज़ी-रोटी इसी रास्ते से जुड़ी है। जाम लगने से सवारियों को समय पर गंतव्य तक नहीं पहुँचा पाते। लोग हमसे उलझ पड़ते हैं, जबकि गलती हमारी नहीं है।” एक एंबुलेंस चालक ने बताया –कई बार मरीज को समय पर अस्पताल नहीं ले जा पाते। एक बार तो प्रसव पीड़ा में महिला क्रॉसिंग पर फंस गई थी। यह गंभीर स्थिति है, अगर ओवरब्रिज नहीं बना तो कभी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।” अधिवक्ता गौरव पांडेय और यूनुस खान ने कहा क्रॉसिंग पर जाम लगने से आए दिन झगड़े होते हैं। यहां पर ओवर ब्रिज बना अत्यंत आवश्यक है।राहगीर सरिता, संगीता, सोनी, रुबी खानम ने कहा बार-बार जाम लगने से हमें बाजार तक जाने में दोगुना समय लग जाता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर निकलना मुश्किल हो जाता है।”




