रात्रि में रजा नगर में चोरों की आहट से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने रातभर छतों पर रखी पहरेदारी

रात्रि में रजा नगर में चोरों की आहट से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने रातभर छतों पर रखी पहरेदारी
पूरनपुर,पीलीभीत।बीती रात बाल्मीकि बस्ती से सटे मोहल्ला रजा नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तीन अज्ञात चोरों की आहट से महिलाएं जाग गईं।शोरगुल होते ही वाल्मीकि समाज समेत आसपास के ग्रामीण भी सतर्क हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पूर्व प्रधान हाजी रियाजत नूर खान और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनवर खान को सूचना देकर मौके पर बुलाया।पूर्व प्रधान ने बिना देर किए पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चोरों की खोजबीन शुरू कर दी। आम के बाग और पास के रेशम फार्म की ओर ग्रामीणों द्वारा बताए गए संभावित ठिकानों पर देर रात तक सघन तलाशी अभियान चलता रहा।कुछ देर बाद कस्बा इंचार्ज सागर जी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।इस दौरान मौलाना अजमल खान, तौकीर खान बिट्टू, सलमान खान, मुजम्मिल खान, राजा खान, राजबल खान, असलम खान, धर्मपाल, ग्राम पंचायत सदस्य महेश वाल्मीकि, सतपाल वाल्मीकि, बल्लू खान सहित सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर चोरों की तलाश में जुटे रहे। दहशत के माहौल में लोगों ने पूरी रात अपने-अपने घरों की छतों पर पहरा देकर जागते हुए बिताई।ग्रामीणों की सतर्कता और सामूहिक प्रयास से संभावित चोरी की घटना टल गई, लेकिन क्षेत्र में दहशत और असुरक्षा की भावना बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।




