पूरनपुर में महाकवि तुलसीदास को किया गया याद, कवियों ने बांधा समां

पूरनपुर में महाकवि तुलसीदास को किया गया याद, कवियों ने बांधा समां
पूरनपुर,पीलीभीत।राम भक्ति की सुर सरिता में जिसने जग नहलाया।काव्य जगत में जिसकी प्रतिभा का उपमान न पाया।राम नाम संकीर्तन में ही मिला परम सुख जिसको।वह मानस का हंस जगत में कवि तुलसी कहलाया। यह रचना थी पंडित राम अवतार शर्मा की। उन्होंने काव्यपाठ करते हुए तुलसीदास जी को परम राम भक्त बताया।मौका था तुलसी जयंती पर गुरुवार देर शाम सिरसा चौराहा के निकट स्थित श्री जी पैलेस में आयोजित कवि गोष्ठी का। इस गोष्ठी का आयोजन देव नगरी उत्थान परिषद व टॉप फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि श्याम बाबू शुक्ला विमल ने तुलसी दास जी के बारे में प्रचलित मनगढ़ंत कथा कहानियों को गलत बताते हुए सही तथ्य प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि अंशुमाली दीक्षित अंशु ने तुलसीदास जी के बारे में सुंदर जानकारियां दीं। काव्यपाठ करते हुए मनमोहक
सुर की मालिका गीता राठौर गुंजन ने सावन गीत गाया ओ सजना सावन में देखो ,चलती शीत बयार नैन तुम्हारे दरश को तरसे , आन मिलो इक बार।संचालन कर रहीं ओज की कवयित्री संजीता सिंह ने सुनाया वक्त मुश्किल भी है तो क्या , डगर मुश्किल भी है तो क्या , सूरज उनका भी डूबा जिनका डूबता न था, खुद को समझे थे सिकन्दर भी तो क्या?युवा कवि प्रदीप मिश्र ने पूरनपुर का वर्णन अपनी रचना में किया तो विकास आर्य स्वप्न ने अपने हास्य के मुक्तकों से सबको हंसाया तो उनके सुंदर गीतों पर सभी झूमने को विवश हो गए। कवयित्री डाक्टर नीराजना शर्मा नीर ने तुलसी महिमा कुछ इस तरह गाई मानस के पावन सागर में मज्जन करवाया है जिसने ।जीवन की सभी वृत्तियों का दर्शन करवाया है जिसने।माता हुलसी और पिता आत्माराम के घर के लाल हुए।वे विप्र शिरोमणि राम चरित लिख जय जय तुलसीदास हुए।इससे पहले वरिष्ठ कवि डाक्टर ऊदल राम मीत ने अपने छंदों व मुक्तकों से समा बांधा। उनका गया हुआ मल्हार काफी पसंद किया गया। कवि व पत्रकार सतीश मिश्र अचूक ने काव्यपाठ करते हुए सावन, महीने के त्यौहार व शिव जी के बारे में कुंडलियां व छंद प्रस्तुत किए। उन्होंने अपनी नई पुस्तक अचूक की प्रकीर्ण रचनाएं की प्रतियां भी सभी कवि व साहित्यकारों और श्रोताओं को भेंट कीं। पत्रकार रामनरेश शर्मा सरल व वैद्य रामकुमार शर्मा ने भी तुलसी जयंती पर विचार रखे।गोष्ठी में विपिन मिश्र,मणिकांत, हर्षित, प्रदीप सिंह मुखिया सहित कई लोग मौजूद रहे।




