पढ़ाई को लेकर डांटने के बाद दसवीं का छात्र लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

पढ़ाई को लेकर डांटने के बाद दसवीं का छात्र लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
पूरनपुर,पीलीभीत।पढ़ाई को लेकर डांट खाने के बाद 15 वर्षीय एक छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है।छात्र के पिता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।माधोटांडा थाना क्षेत्र के मल्लपुर न्यूरिया गांव के निवासी फहीम खान ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा मोहम्मद अजीज खान, जो दसवीं का छात्र है, पिछले पांच दिनों से पूरनपुर के इंदिरानगर में अपनी खाला मासे निगार के घर पर रह रहा था।22 अगस्त को सुबह लगभग 11 बजे स्कूल से लौटने के बाद,अजीज को उसके पिता ने पढ़ाई को लेकर डांटा था। डांटने के बाद, अजीज ने दोपहर 1:30 बजे खाना खाया और टहलने के लिए घर से निकला। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा।परिवार के सदस्यों ने अजीज को बहुत ढूंढा, लेकिन उसका कहीं भी कोई पता नहीं चल सका। घटना से परेशान होकर, फहीम खान ने पूरनपुर पुलिस में अपने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए, अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोर की तलाश शुरू कर दी है।




