पंचायत चुनावों में मजबूती से उतरेगी आम आदमी पार्टी, जनता के मुद्दों को बनाएगी चुनावी एजेंडा

पंचायत चुनावों में मजबूती से उतरेगी आम आदमी पार्टी, जनता के मुद्दों को बनाएगी चुनावी एजेंडा
पीलीभीत।आम आदमी पार्टी ने आगामी जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनावों में पूरी मजबूती से उतरने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि वह जीतकर जनमानस के बुनियादी मुद्दों को सशक्त रूप से उठाएगी।आप सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर चल रहे विशेष अभियान के तहत पीलीभीत में भी जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर हर घर संपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में गाजीपुर गांव में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।बैठक की मुख्य अतिथि सुनीता गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने जनता का विश्वास जीता है, लेकिन भाजपा ने वोट चोरी और वोट कटवा कर जबरन सत्ता पर कब्जा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के दिलों में आज भी सिर्फ अरविंद केजरीवाल का राज कायम है।बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि पीलीभीत के बुनियादी मुद्दों पर पार्टी लगातार आवाज उठा रही है और संघर्ष कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि इस बार पंचायती चुनावों में पार्टी समर्थित प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे।वहीं पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और पूरनपुर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी विनोद कुमार भारती ने सरकार को घेरते हुए कहा कि पीलीभीत में केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और चार विधायक सत्ता पक्ष से होने के बावजूद क्षेत्र विकास से कोसों दूर है। शारदा नदी हर साल हजारों बीघा भूमि काट लेती है, लेकिन सरकार अब तक कटान रोकने के ठोस प्रयास नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि अब बदलाव और परिवर्तन की जरूरत है।कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष व पूर्व प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य राम सिंह सोनकर, बाबा राघव, परमेश्वर प्रसाद, मंगेश सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी का साथ देने का संकल्प लिया।




