Uncategorized

पांच माह बाद पूरनपुर सीएचसी में फिर गूंजी किलकारी, नियमित प्रसव सेवाएं शुरू

पांच माह बाद पूरनपुर सीएचसी में फिर गूंजी किलकारी, नियमित प्रसव सेवाएं शुरू

पूरनपुर/पीलीभीत। लंबे इंतजार के बाद फिर पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक बार फिर नवजात की किलकारी गूंजी। महिला अस्पताल के संचालन के दौरान यहां पांच माह से प्रसव सेवाएं ठप थीं, लेकिन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इस केंद्र में सुरक्षित प्रसव के साथ सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला अस्पताल की कार्यप्रणाली शुरू होने के बाद से सीएचसी पूरनपुर में प्रसव सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए या तो महिला अस्पताल भेजा जाता था या फिर निजी संस्थानों का रुख करना पड़ता था। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि कई बार आपात स्थिति में समय पर इलाज न मिलने का खतरा बना रहता था।स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले सीएचसी में भर्ती एक गर्भवती महिला का सफल प्रसव हुआ। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉ. मनीष राज शर्मा के नेतृत्व में प्रसव प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं। नवजात के जन्म की खबर मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नजदीक में सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण महिलाओं को बहुत राहत मिलेगी। डॉ. मनीष राज शर्मा ने बताया कि सीएमओ के निर्देशानुसार अब सीएचसी पूरनपुर में प्रसव सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में प्रसव कक्ष को पूरी तरह तैयार किया गया है, आवश्यक दवाओं, उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह निर्णय गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों के लिए बेहद राहत भरा है। अब उन्हें प्रसव के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी और आपात स्थिति में भी तत्काल उपचार मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!