मधु संदान दूध डेयरी’ का झांसा देकर ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बीसलपुर निवासी बताकर ग्राम प्रधान से 20,300 और आधा दर्जन लोगों से वसूले हजारों

मधु संदान दूध डेयरी’ का झांसा देकर ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बीसलपुर निवासी बताकर ग्राम प्रधान से 20,300 और आधा दर्जन लोगों से वसूले हजारों
पीलीभीत।सेहरामऊ थाना उत्तरी क्षेत्र के गांव मुरादपुर माती में धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि एक युवक ने खुद को लकी निवासी बीसलपुर बताते हुए गांव में “मधु संदान दूध डेयरी” खोलने का झांसा दिया। विश्वास में लेकर उसने प्रधान से ऑनलाइन 20,300 रुपए ऐंठ लिए। जैसे ही रुपए हाथ लगे, आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया।प्रधान ने इस घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इसी तरह की शिकायतें पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र से भी मिली हैं। यहां लगभग आधा दर्जन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उसी लकी नामक युवक ने अपने सहयोगियों की मदद से उनसे भी 20-20 हजार रुपए वसूले और फरार हो गया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने पूरनपुर में एक निजी अस्पताल परिसर में ऑफिस भी खोल रखा था। इससे लोगों को उस पर विश्वास हो गया और वे निवेश के लिए तैयार हो गए। लेकिन रुपए ठगने के बाद आरोपी ऑफिस छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।



