कलीनगर में ब्लॉक की मांग तेज, ग्रामीण बोले,तहसील मुख्यालय पर ही स्थापित हो ब्लॉक
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, कहा दूर ब्लॉक बनने से जनता को भुगतनी पड़ेगी परेशानी

कलीनगर में ब्लॉक की मांग तेज, ग्रामीण बोले,तहसील मुख्यालय पर ही स्थापित हो ब्लॉक
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, कहा दूर ब्लॉक बनने से जनता को भुगतनी पड़ेगी परेशानी
पूरनपुर,पीलीभीत। कलीनगर क्षेत्र में तहसील मुख्यालय पर ही ब्लॉक की स्थापना की मांग जोर पकड़ने लगी है। दर्जनों ग्रामीणों ने बाजार में एकत्र होकर यह मुद्दा उठाया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ब्लॉक को तहसील परिसर में ही स्थापित करने की मांग की। कलीनगर में पहले से तहसील मौजूद है, जहाँ किसान, महिलाएँ, छात्र और बुजुर्ग शासकीय कार्यों के लिए आते हैं। प्रस्तावित ब्लॉक यदि 5 किलोमीटर दूर स्थापित होता है तो आम जनता को अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी झेलनी पड़ेगी। बरसात के दिनों में परिवहन की समस्या और भी विकराल हो जाएगी। लोगो ने आरोप लगाया कि ब्लॉक को दूर स्थानांतरित करने का निर्णय कुछ लोगों के राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है। इसका खामियाजा गरीब और किसान वर्ग को भुगतना पड़ेगा। जनता की सुविधा को देखते हुए तहसील और ब्लॉक दोनों को कलीनगर में ही स्थापित किया जाए, जिससे शासकीय कार्यवाही सुगमता और शीघ्रता से हो सके। कलीनगर को ब्लॉक का दर्जा मिल जाता है तो शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को लोगों तक तेजी से पहुँचाया जा सकेगा।यह मांग नई नहीं है। बीते कई वर्षों से ग्रामीण, सामाजिक संगठन और पंचायत प्रतिनिधि समय-समय पर अधिकारियों और नेताओं को ज्ञापन सौंपते रहे हैं। लेकिन अभी तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया। अब उनकी सहनशीलता की सीमा समाप्त हो चुकी है। कलीनगर में लोगो ने कहा कि वे अब आंदोलन की राह पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे। “जब तक कलीनगर को ब्लॉक का दर्जा नहीं मिल जाता, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। सरकार को हमारी आवाज सुननी ही पड़ेगी। इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जावेद सिद्दीकी, पवन जायसवाल, अशोक देवल, सुमित शर्मा, रवि गुप्ता, प्रेम प्रकाश पासवान, विजय मिश्रा, राम नारायण, अब्दुल रशीद, मयंक गुप्ता मनी, प्रदीप शर्मा, लालाराम, अमित सहित कई लोग मौजूद रहे।




