किसानों की समस्याओं पर प्रशासन चुप, भाकियू भानु ने जताई नाराजगी
वन्यजीव हमलों पर मुआवज़ा, समान शिक्षा नीति और खाद की मांग को लेकर ज्ञापन

किसानों की समस्याओं पर प्रशासन चुप, भाकियू भानु ने जताई नाराजगी
वन्यजीव हमलों पर मुआवज़ा, समान शिक्षा नीति और खाद की मांग को लेकर ज्ञापन
पीलीभीत।भारतीय किसान यूनियन (भानु) की जिला स्तरीय मासिक पंचायत मंडी परिषद स्थित कृषक विश्रामगृह में संपन्न हुई। बैठक में किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर छह सूत्रीय मांगपत्र तैयार कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रखर सिंह को सौंपा गया, जो मौके पर मौजूद रहे।जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरखेड़ा और मकसूदपुर स्थित बजाज गन्ना मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है, मगर गन्ना विभाग किसानों को उनका हक नहीं दिला पा रहा। जिला सचिव बालमुकुंद प्रजापति ने कहा कि चकबंदी अधिकारी किसानों के बीच जानबूझकर विवाद करा रहे हैं। यदि यह रवैया नहीं बदला गया तो अगस्त माह में चकबंदी कार्यालय पर यूनियन धरना देने को मजबूर होगी। अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष निसार शाह ने कहा कि प्रदेश में दोहरी शिक्षा नीति किसानों और ग्रामीण छात्रों के साथ अन्याय है। यूनियन समान शिक्षा नीति की मांग करती है। तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर ने कहा कि बाघ और आवारा जानवरों के हमलों से अब तक कई किसान जान गंवा चुके हैं। वन विभाग तारबंदी कराए और मृतक किसानों को ₹10 लाख मुआवजा दे। जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा ने कहा कि तूदेबंदी की धारा 24 में शिकायत के बाद भी तत्काल पैमाइश नहीं होती, जिससे किसानों का शोषण होता है। इस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि जिम्मेदारों की ढील की वजह से खाद की ब्लैकमेलिंग हो रही है और किसान दर-दर भटक रहा है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
पंचायत में संगठन विस्तार पर भी चर्चा की गई और कलीनगर निवासी इजहार ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में युवा जिलाध्यक्ष विनोद भारती, तहसील मीडिया प्रभारी सबलू खा, मीनू बरकाती, पूरनपुर तहसील अध्यक्ष रुसान अहमद, इजहार खान, प्रदीप कुमार, उपाध्यक्ष सचिन गंगवार, संगठन मंत्री माखनलाल भारती, सचिव रघुवर सिंह, तहसील उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष शिवचरण लाल वर्मा, मीडिया प्रभारी संजय दीक्षित, रामगोपाल प्रजापति, दौलत सिंह, अनीता देवी, सुनीता देवी समेत सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




