
जगह में निर्माण करा रहे युवक को ईंटे मारकर फोड़ा सिर, मरणासन्न अवस्था में छोड़ा
बटवारा होने के बावजूद घटना को दिया अंजाम, चार पर मुकदमा
पूरनपुर/पीलीभीत। परिवार में भाइयों के बीच बटवारा होने के बाद युवक अपनी जगह में निर्माण कर रहा था। तभी दोनों भाई अपनी पत्नियों के साथ पहुंचकर गालियां देने लगे। विरोध करने पर पिटाई लगा दी। ईंटे फेंककर मारने से युवक का सिर फट गया। इसके बाद सभी उसे जान से मारने की धमकी देकर मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर खास निवासी विनोद कुमार ने बताया गांव में पैतृक जमीन में भाइयों के बीच बटवारा हो चुका है। 22 अगस्त को वह अपनी जगह में निर्माण करा रहा था। तभी उसका भाई सर्वेश अपनी पत्नी सरला और मनोज अपनी पत्नी सरिता के साथ पहुंचकर गालियां देने लगा। विरोध करने पर सभी मारपीट पर आमदा हो गए। सभी ने मिलकर उसकी पिटाई लगा दी। इसमें उसका सिर फट गया। लहुलुहान अवस्था में कुछ देर बाद वह बेहोश होकर गिर गया। घटना को लेकर खलबली मच गई। इसके बाद आरोपी घायल को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर चले गए। पिता ने ग्रामीणों की मदद से घायल बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने दोनों दंपतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।




