हजारा और शास्त्री नगर डूबे बाढ़ में, राहत को तरस रहे लोग
कटान से गांवों की जमीन बह रही, पशुओं के चारे का संकट गहराया

हजारा और शास्त्री नगर डूबे बाढ़ में, राहत को तरस रहे लोग
कटान से गांवों की जमीन बह रही, पशुओं के चारे का संकट गहराया
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर तहसील में शारदा नदी के उस पार बसे पूरनपुर की ग्राम पंचायत हजारा और शास्त्री नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन भयावह होती जा रही है। बाढ़ का पानी पिछले 48 घंटे में नाम मात्र ही घटा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन पर संकट गहराता जा रहा है। गांवों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। लोग अपने घरों और खेत-खलिहानों तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। गन्ने की खड़ी फसल बड़े पैमाने पर जलमग्न होकर बर्बाद हो रही है। कई जगहों पर खेतों की कटान से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पानी भरे रहने से खेतों में घुसना नामुमकिन हो गया है। वे अपनी फसलों और खलिहानों की स्थिति जानने तक नहीं जा पा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि पशुओं के चारे तक की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि हालात का तत्काल संज्ञान लेकर राहत-बचाव कार्य तेज किया जाए। बाढ़ पीड़ितों को अभी तक समुचित सहायता नहीं मिल सकी है, जिससे आक्रोश भी पनप रहा है। चंदिया हजारा प्रधान बासुदेव कुंडू ने बताया स्थिति बहुत ही चिंताजनक बनी हुई है और लोग हर दिन नई मुसीबतों का सामना कर रहे हैं।




