हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट, दो गंभीर रूप से झुलसे
महुआगुंदे में हादसा, कई घरों के उपकरण भी फुंके

हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट, दो गंभीर रूप से झुलसे
महुआगुंदे में हादसा, कई घरों के उपकरण भी फुंके
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव महुआगुंदे में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव के बाहर लगे ट्रांसफार्मर से सप्लाई जा रही एलटी लाइन पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे पूरे गांव में अचानक करंट फैल गया और अफरा-तफरी के साथ भगदड़ मच गई।
घटना के दौरान घरों में मौजूद कई लोग करंट की चपेट में आ गए। इनमें सीमा देवी (25) पत्नी अंकित और शिव ओम त्रिवेदी (37) पुत्र शिवम त्रिवेदी गंभीर रूप से झुलस गए। सीमा देवी घर में झाड़ू लगा रही थीं जबकि शिव ओम स्नान कर रहे थे। दोनों को पहले कुरैया सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके अलाव अन्य को भी बिजली का झटका लग गया।
——-
ग्रामीणों के घरों के उपकरण फुंके
गांव में करंट फैलने से कई घरों में रखे उपकरण फुंक गए। संदीप शुक्ला, अंकित मिश्रा, ओम शुक्ला, वागीश शुक्ला, अमन अवस्थी, श्यामू मिश्रा और असलम मिश्रा के घरों में फ्रिज, पंखे, कूलर, टीवी, मोबाइल चार्जर समेत अन्य सामान जलकर खराब हो गए।
—
बिजली विभाग के जिम्मेदार मौके से नदारद
ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह 9 बजे सूचना देने के बावजूद दोपहर 12:30 बजे तक बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। हालांकि, सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
—
जर्जर तारों से होती सप्लाई, हादसों का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि कलीनगर और पूरनपुर तहसील क्षेत्र में वर्षों पुराने जर्जर बिजली तारों से ही आपूर्ति की जा रही है। यही वजह है कि आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरी नाराजगी देखने को मिली।




