
चेयरमैन नितिन दीक्षित व राज्यमंत्री संजय गंगवार ने सीएम योगी से की मुलाक़ात
ब्यूरो, पीलीभीत।
क्षेत्र के गन्ना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गन्ना समिति पूरनपुर एवं गन्ना कृषक महाविद्यालय पूरनपुर को अनुदान दिलाने के उद्देश्य से चेयरमैन नितिन दीक्षित ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के साथ लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर सीएम को अवगत कराया। इस मुलाकात में क्षेत्र के गन्ना किसानों से जुड़ी कई अहम समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।चेयरमैन नितिन दीक्षित ने बताया कि पूरनपुर क्षेत्र के गन्ना किसान समय पर भुगतान न मिलने, चीनी मिलों में गन्ना तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी, सिंचाई व्यवस्था में सुधार, तथा कृषि से जुड़ी तकनीकी सुविधाओं के अभाव जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने गन्ना मंत्री के माध्यम से इन मुद्दों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने और शीघ्र समाधान की मांग की।गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों से जुड़े हर मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने, भुगतान में देरी खत्म करने और आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।इस दौरान गन्ना समिति पूरनपुर व गन्ना कृषक महाविद्यालय के लिए अनुदान की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से आवश्यक कार्यवाही कराकर संस्थानों को शीघ्र ही अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गन्ना किसानों के लिए प्रशिक्षण, अनुसंधान और उन्नत खेती के अवसर बढ़ेंगे।चेयरमैन नितिन दीक्षित ने गन्ना मंत्री के सहयोग और संवेदनशील रुख के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सरकार किसानों के हित में ऐसे ठोस कदम उठाती है तो इससे न केवल पूरनपुर, बल्कि पूरे जनपद के गन्ना उत्पादकों को लाभ होगा।
——————————————————————-




