पीलीभीत में दर्दनाक एक्सीडेंट, तेज रफ्तार ने छीनी मां-बाप की छांव, जिंदगी मौत की जंग लड़ रहा मासूम
हादसे में दंपति की मौत

पीलीभीत में दर्दनाक एक्सीडेंट, तेज रफ्तार ने छीनी मां-बाप की छांव, जिंदगी मौत की जंग लड़ रहा मासूम
गजरौला/पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के असम हाईवे पर विनौर गुरुद्वारे के निकट देर रात हुए दर्दनाक हादसे में एक दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के मुताबिक, लखीमपुर खीरी जिले के बेहड़ा मुल्तान निवासी रजनीश वर्मा (40) पुत्र रामऔतार व उनकी पत्नी संगीता वर्मा (38) अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ रुद्रपुर की एक प्राइवेट फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल (पल्सर) से घर लौट रहे थे। देर रात करीब 11 बजे विनौर गुरुद्वारे के पास हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बच्चा छिटककर दूर जा गिरा। इसी दौरान गजरौला थाना पुलिस गश्त पर थी, जिसने मौके पर पहुंचकर पहले बच्चे को राहगीरों की मदद से प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद दंपत्ति को भी एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, हाईवे पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने की मांग की है।




