चंदिया हजारा में पुलिस-ग्रामवासियों की अहम बैठक, ड्रोन अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील

चंदिया हजारा में पुलिस-ग्रामवासियों की अहम बैठक, ड्रोन अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील
पूरनपुर,पीलीभीत।चंदिया हजारा क्षेत्र में फैल रही ड्रोन संबंधी अफवाहों को लेकर रविवार को पुलिस चौकी चंदिया हजारा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में चौकी प्रभारी जयपाल सिंह ने एस.आई. संजीव कुमार और स्थानीय ग्रामवासियों के साथ सुरक्षा व कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।चौकी प्रभारी जयपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि इस समय क्षेत्र में ड्रोन देखे जाने को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिन पर कतई ध्यान न दें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई अनजान व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस चौकी को इसकी सूचना दें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी मंद बुद्धि या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ मारपीट न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत देने से न केवल संभावित अपराध रोका जा सकता है, बल्कि निर्दोष लोगों की जान-माल की भी रक्षा होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्पर है, और किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।बैठक में ग्राम प्रधान वासुदेव कुंडू, दीपांकर हालदार, निरंजन मंडल, शंकर धाड़ा, प्रवीण सरकार, शंकर राय, ब़तचारी, बाछाड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।उपस्थित लोगों ने भी पुलिस के सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि वे किसी भी संदिग्ध घटना पर सतर्क रहेंगे तथा तुरंत पुलिस को सूचना देंगे।इस बैठक ने ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अफवाहों से बचने और सामूहिक सतर्कता की भावना को भी मजबूत किया।




