भ्रष्टाचार, बिजली कटौती और आवारा पशुओं के मुद्दों पर भानु का प्रशासन को अल्टीमेटम

भ्रष्टाचार, बिजली कटौती और आवारा पशुओं के मुद्दों पर भानु का प्रशासन को अल्टीमेटम
पूरनपुर,पीलीभीत।भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने तहसील पूरनपुर के ग्रामीण इलाकों में किसानों और आम नागरिकों से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन ने 10 प्रमुख मुद्दे उठाते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में सचिवों और प्रधानों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार पनप रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक सही तरीके से नहीं पहुँच रहा।भानु के जिला अध्यक्ष भजन लाल क्रोधी और तहसील पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम निधि से निकाली गई भारी रकम के बावजूद कई गाँवों में घटिया लाइटें लगाई गईं, जो जल्दी खराब हो जाती हैं,जिससे अंधेरे में चोरी की घटनाएँ बढ़ रही हैं। वहीं, कई पंचायतों में फॉगिंग न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। संगठन ने आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने और स्थायी गौशालाओं के निर्माण की मांग की, साथ ही बाघ व अन्य जंगली जानवरों के हमलों को लेकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। खाद की किल्लत, रात में बिजली कटौती, कोटेदारों की मनमानी और लेखपालों के भ्रष्टाचार को भी बड़ी समस्याओं के रूप में रखा गया। इसके अलावा, पूरनपुर देहात क्षेत्र में अला की चक्की के पास रेलवे लाइन किनारे जलभराव की समस्या और राजेंद्र के खेत के पेड़ के विवाद के समाधान की भी मांग की गई। संगठन ने स्पष्ट कहा कि यदि इन सभी मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरनपुर तहसील में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।




