भूमिहीन परिवारों को मिला हक, शहीद के परिजनों को मिला सम्मान

भूमिहीन परिवारों को मिला हक, शहीद के परिजनों को मिला सम्मान
विधायक की मौजूदगी में भूमि पट्टा के बाटे प्रमाणपत्र
कलीनगर/पीलीभीत। तहसील सभागार कलीनगर में विधायक बाबूराम पासवान की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम टांडा छत्रपति के 9 भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लंबे समय से भूमि की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों को आज उनका हक मिलने पर खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्राम धुरिया पलिया निवासी शहीद स्वर्गीय लखविंदर सिंह के परिवार को भी भूमि पट्टा का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि लखविंदर सिंह ने देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी अंत्येष्टि में शामिल होने के दौरान विधायक ने एडीएम राजस्व एवं वित्त ऋतु पुनिया से शहीद परिवार को भूमि पट्टा स्वीकृत कराने को कहा था। उसी पहल का परिणाम आज देखने को मिला।भूमि पट्टा प्रमाण पत्र पाकर शहीद के परिजनों की आँखें नम हो गईं। वहीं, अन्य भूमिहीन परिवारों ने भी इस निर्णय के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक ने कहा—”भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार मिलना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहीद परिवारों का सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है। स्वर्गीय लखविंदर सिंह की शहादत देश के लिए अमूल्य है, और उनके परिजनों को भूमि पट्टा प्रदान कर सम्मानित करना मेरे लिए गर्व का विषय है।”वहीं, तहसीलदार बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने बताया कि प्रशासन निरंतर ऐसे परिवारों की पहचान कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य कर रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे भूमिहीन परिवारों और शहीद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस मौके पर टांडा छत्रपति के प्रधान लालाराम सहित कई लोग मौजूद रहे।




