बैठक में जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्र की समस्याएँ, डीएम ने दिलाया समाधान का भरोसा

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्र की समस्याएँ, डीएम ने दिलाया समाधान का भरोसा
पीलीभीत।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया।राज्यमंत्री के प्रतिनिधि सुनील मिश्रा ने नगर में सड़कों के गड्ढों को भरवाने, चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध बेहतर करने की मांग रखी। वहीं जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. दलजीत कौर ने हरदोई नहर पर बन रहे पुल का कार्य शीघ्र पूरा कराने पर बल दिया ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।विधायक पूरनपुर के प्रतिनिधि ऋतुराज पासवान ने आजाद नगर, श्रीनगर, नहरोसा, राणा प्रताप नगर सहित कई गांवों में शारदा नदी के कटान की समस्या को गंभीर बताते हुए कटर लगाने की मांग की। इसके अलावा तहसील कलीनगर में रजिस्ट्री ऑफिस खोले जाने का मुद्दा भी बैठक में उठा।जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।बैठक में विधायक बरखेड़ा के प्रतिनिधि डॉ. बांके लाल गंगवार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव,अपर जिलाधिकारी ऋतु पूनिया, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




