
बाइकें भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, महिला की मौत, तीन जख्मी
बिलसंडा/पीलीभीत। थाना करेली क्षेत्र के बमरोली-चठिया मार्ग पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दो बाइक की भिड़ंत के बाद पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को कुचल दिया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए जबकि एक महिला की मौत हो गई। गांव बिलासपुर निवासी संजय कुमार अपनी ताई अशोका देवी और भाभी विमला देवी (42) को बाइक से बिलसंडा मरीज को देखने ला रहे थे। पानी प्लांट के पास सामने से आ रहे श्यामपाल निवासी नवदिया मरौरी की बाइक ने टक्कर मार दी।टक्कर के बाद बाइक पर बैठी विमला देवी और अशोका देवी सड़क पर गिर गईं। इतने में पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विमला देवी को रौंद दिया। हादसे में शाहजहांपुर के थाना सिधौली क्षेत्र के महुआपाठक निवासी रजनीश भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी बिलसंडा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने विमला देवी पत्नी अवधेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ विपिन शुक्ला ने बताया कि घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



