आज़ाद समाज पार्टी व भीम आर्मी ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

आज़ाद समाज पार्टी व भीम आर्मी ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
पीलीभीत।स्वतंत्रता दिवस के 79वें अवसर पर बिलसंडा में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के बैनर तले आयोजित तिरंगा यात्रा ने देशभक्ति, एकता और सामाजिक समानता का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया। हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों की भागीदारी से सजी इस भव्य यात्रा ने न केवल राष्ट्रीय ध्वज का मान बढ़ाया, बल्कि समाज में न्याय और भाईचारे का संदेश भी गूंजाया। यह आयोजन बिलसंडा की गलियों में एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।सुबह 9 बजे जामा मस्जिद से शुरू हुई यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई घनश्यामपुर के बाबा भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंची। तिरंगे की शान में रंगे कार्यकर्ता और नागरिक डीजे की धुनों पर उत्साह के साथ कदमताल करते नजर आए। रास्ते में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को जोश से भर दिया। यात्रा के समापन पर राष्ट्रीय गान की गूंज के साथ सभी ने एकता और देशप्रेम का संकल्प दोहराया।आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव नईम रज़ा ने अपने प्रेरक संबोधन में हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर देते हुए कहा, “यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि एक भारत, एक सपना और एक संकल्प का प्रतीक है। हमें दलित, पिछड़े और मुस्लिम समुदायों के दुख-दर्द में एक-दूसरे का साथ देना होगा।” उनके शब्दों ने उपस्थित जनसमूह में जोश और एकजुटता की भावना जगा दी।




