आसमान से नोटों की बारिश: तहसील में बंदर बना ‘कैश मैन’

आसमान से नोटों की बारिश: तहसील में बंदर बना ‘कैश मैन’
औरैया की बिधूना तहसील में अजीबोगरीब घटना, वीडियो वायरल
औरैया। आपने फिल्मों में नोटों की बारिश देखी होगी, लेकिन औरैया जिले की बिधूना तहसील में यह नजारा हकीकत में देखने को मिला। फर्क बस इतना था कि यहां नोट बरसाने वाला कोई इंसान नहीं बल्कि एक बंदर था। मंगलवार को तहसील परिसर में पहुंचे अनुज कुमार अपने पिता रोहिताश चंद्रा के साथ ज़मीन की रजिस्ट्री कराने आए थे। वे अपनी मोपेड की डिक्की में 80,000 रुपये नकद रखे हुए थे। जब रोहिताश अपने वकील के साथ कागजी कार्रवाई कर रहे थे, तभी एक बंदर ने गाड़ी का स्टोरेज कंपार्टमेंट खोलकर पैसों से भरा बैग निकाल लिया और पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर बैठकर बंदर ने जैसे ही बैग खोला, उसमें रखी गड्डियां निकाल-निकालकर नीचे फेंकनी शुरू कर दीं। कुछ ही देर में तहसील परिसर में “नोटों की बारिश” होने लगी। नोट गिरते ही वहां मौजूद लोग लपककर उन्हें उठाने लगे। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद तहसील परिसर में देर तक लोग इसी वाकये की चर्चा करते रहे। किसान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी साफ नहीं हो पाई, लेकिन लोगों के लिए यह दिन किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रहा।




