विदेश भेजने के नाम पर पत्नी के साथ मिलकर लाखों ठगे

विदेश भेजने के नाम पर पत्नी के साथ मिलकर लाखों ठगे
पूरनपुर/पीलीभीत। विदेश भेजने के नाम पर भाजपा नेता ने पत्नी के साथ मिलकर दंपति से लाखों रुपए ठग लिए। कॉलेज फीस और फंड शो के नाम पर भी जमकर रुपए ऐठे। पीड़ित ने अपनी जमीन बेचकर रुपए दिए। कई दिन बीतने के बावजूद वीजा और रुपए वापस नहीं किए गए। मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।आइलेट्स संचालको के ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तत्कालीन एसपी अविनाश पांडेय ने पूरनपुर कोतवाली में कैंप लगाकर संचालकों के खिलाफ सौ से अधिक मुकदमे दर्ज कराए थे।हरदोई जनपद के तहसील शाहबाद के गांव जनकपुर निवासी महताब सिंह ने अपनी पत्नी किरनदीप कौर का इंग्लैंड वीजा के लिए पूरनपुर में कैंडिडेट केयर अकेडमी से अप्लाई कराया था। अशोक कॉलोनी निवासी संचालक भाजपा नेता जगजीवन सिंह व उनकी पत्नी ने कॉलेज की फीस डलवाने के लिए 9 दिसंबर 2022 को 50 हजार ऑनलाइन लिए थे। इसके बाद मार्च 2023 में फंड शो के नाम पर 3 लाख, 27 जुलाई 2023 को ऑनलाइन फीस डलवाने के नाम पर 2 लाख 35 हजार कुल मिलाकर 5 लाख 85 हजार लिए। इसके बाद ना तो दंपति का वीजा लगवाया न ही रुपए वापस किए। युवक ने जमीन बेचकर संचालक को रुपए दिए थे। कई बार रुपए मांगने पर गाली गलौज की गई। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया विदेश भेजने का नाम पर ठगी में दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जग जीवन सिंह बाजवा एक समिति के अध्यक्ष है। 4 साल पहले वह आईटी सेल से जुड़े थे। इसके बाद वह सक्रिय नहीं हुए। वर्तमान में उनके पास कोई दायित्ववान पद नहीं है। पार्टी का वर्कर इन्हें कहा जा सकता है।
संजीव प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष, भाजपा पीलीभीत