ससुरालियों ने विवाहिता को कमरे में किया बंद, पहले से मौजूद जेठ ने किया दुष्कर्म का प्रयास

ससुरालियों ने विवाहिता को कमरे में किया बंद, पहले से मौजूद जेठ ने किया दुष्कर्म का प्रयास
विरोध करने पर परिजनों ने लगाई पिटाई, पुलिस को दी तहरीर
पीलीभीत। निकाह के तीन माह बाद ससुराल के लोग विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इस बीच जेठ उसपर बुरी नीयत रखने लगा। कुछ दिन तक वह चुपचाप सहन करती रही। एक सप्ताह पहले पति सहित परिवार के अन्य लोगों ने उसको कमरे में बंद कर दिया। वहां पहले से मौजूद जेठ ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई लगाई। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती ने बताया 2 साल पहले उसका निकाह गांव के ही एक युवक के साथ हुआ था। शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। इसके बावजूद तीन माह बाद ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। जेठ उस पर बुरी नीयत रखने लगा। परिवार न टूटने को लेकर वह सब कुछ सहन करती रही। 6 जुलाई को पति, सास ने जबरन उसे कमरे में बंद कर दिया। वहां पहले से ही मौजूद जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर परिवार के लोगों ने कमरा खोला। इसके बाद सभी ने आंगन में घसीट कर उसको लात घूसों से पीटा। गर्दन पर लात रखकर हत्या का प्रयास किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे 24 घंटे तक कमरे में बंद कर भूखा प्यासा रखा। विवाहिता ने बताया उसके मां-बाप ना होने के चलते ससुराल के लोग उसे कुछ न बिगाड़ पाने की लगातार धमकियां दे रहे हैं। शनिवार मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया मामले की शिकायत मिली है। पुलिस जांच कर रही है।