यूपी

पूरनपुर पहुँचे शिवभक्त संत ठाकुरान, गायत्री परिवार ने किया सम्मान

गायत्री परिवार ने किया संत का अभिनंदन, पवन यादव ने सेवा-सत्कार में निभाई अहम भूमिका

पूरनपुर पहुँचे शिवभक्त संत ठाकुरान, गायत्री परिवार ने किया सम्मान

गायत्री परिवार ने किया संत का अभिनंदन, पवन यादव ने सेवा-सत्कार में निभाई अहम भूमिका

पूरनपुर,पीलीभीत।देश में आध्यात्मिक चेतना और जनकल्याण की भावना को लेकर निकली 11,000 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक पदयात्रा के क्रम में सोमवार शाम पूरनपुर पहुंचे संत मुकेश ठाकुरान का भव्य स्वागत किया गया।पूरनपुर के राम होटल में रुकने पर गायत्री परिवार के प्रमुख सदस्यों संदीप खंडेलवाल एवं पवन यादव ने अंग वस्त्र पहनाकर उन्हें सम्मानित किया।
संत मुकेश ठाकुरान दिल्ली के निवासी हैं, जिन्होंने यह विशाल पदयात्रा 17 सितंबर 2024 को उत्तराखंड के पवित्र गंगोत्री धाम से प्रारंभ की थी।अब तक उन्होंने 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन इस पदयात्रा के माध्यम से कर लिए हैं। इस यात्रा का अंतिम पड़ाव केदारनाथ धाम है, जिसके लिए वह आगे बढ़ रहे हैं।संत ठाकुरान ने जानकारी दी कि यह यात्रा न केवल एक धार्मिक यात्रा है, बल्कि इसमें देश में सुख, शांति, समृद्धि और सभी प्राणियों के कल्याण की भावना निहित है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों, नगरों, गांवों में भक्तों से उन्हें अपार स्नेह, सहयोग और सम्मान प्राप्त हुआ है।पूरनपुर आगमन पर जैसे ही उनकी पदयात्रा राम होटल पहुंची, वहां उपस्थित स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई। हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ और संत मुकेश ठाकुरान जी अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा।गायत्री परिवार के संदीप खंडेलवाल ने अंग वस्त्र ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया और उन्हें ईश्वर का विशेष वरदान बताया।उन्होंने कहा, “ऐसे विशाल संकल्प और आध्यात्मिक साहस केवल प्रभु की अनुकंपा से ही संभव हो पाते हैं।”पवन यादव ने भी उनकी सेवा-सत्कार की जिम्मेदारी निभाई और यात्रा के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई।संत मुकेश ठाकुरान जी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “हम सबका जीवन प्रभु की सेवा और समाज के कल्याण के लिए समर्पित होना चाहिए। जब हम आत्मकल्याण के साथ लोककल्याण को जोड़ते हैं, तभी धर्म का सच्चा उद्देश्य पूर्ण होता है।उन्होंने यात्रा के दौरान मिलीं विभिन्न अनुभूतियों और चमत्कारिक अनुभवों को भी साझा किया, जिससे वहां उपस्थित सभी लोग भाव- विभोर हो गए।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी भक्तों ने संत मुकेश ठाकुरान जी से आशीर्वाद लिया।लोगों ने पुष्प अर्पित कर और उनके चरण स्पर्श कर आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।संत ठाकुरान जी के आगे बढ़ते ही पूरा परिसर शिव भक्ति के रंग में रंग गया।अब वह केदारनाथ धाम की ओर अपनी पदयात्रा का अंतिम चरण तय करने के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!