
पड़ोसी ने तोड़ दी दीवार, विरोध करने पर पीटा, चार पर मुकदमा
पूरनपुर/पीलीभीत। घर का पानी निकालने के लिए परिवार के लोगों ने पड़ोसी की दीवार तोड़ दी। विरोध करने पर महिला की पिटाई लगा दी। पड़ोसियों के पहुंचने पर आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव कबीरगंज निवासी शकील अहमद ने बताया 30 जून को परिवार के ही वसीम अहमद व नसीम अहमद पुत्रगण जमील अहमद, रजिया बेगम पत्नी जमील अहमद, साहिबा पुत्री जमील अहमद ने अपने घर का पानी निकालने के लिए उसकी दीवार तोड़ दी। विरोध किया तो चारों लोग गाली गलौज करने लगे। इसके बाद जमकर मारपीट की। जानलेवा हमले में महिला घायल हो गई। शोर सुनकर पड़ोस के कई लोग पहुंच गए। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हजारा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।