चोरी की वारदात का पूरनपुर पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों द्वारा चोरी की गई दो सोने की चैन बरामद, 25 जुलाई को हुई थी लाखों की चोरी

आरोपियों द्वारा चोरी की गई दो सोने की चैन बरामद, 25 जुलाई को हुई थी लाखों की चोरी
पूरनपुर, पीलीभीत।
क्षेत्र में लाखों रूपये के जेवरात और नगदी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के कीमती जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के अन्य दो सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।थाना पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फर नगर निवासी रंजीत सिंह के घर में 25 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान चोर घर में रखे पांच सोने की चेन, चार सोने की बालियां, एक कंगन, एक झुमकी, दो अंगूठियां और ₹26 हजार नकद चोरी कर ले गए थे। इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना पूरनपुर में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई थी।घटना के अनावरण के लिए थाना प्रभारी पूरनपुर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। पुलिस ने ग्राम धर्मपुर खुर्द निवासी राजू पुत्र महेन्द्र और ग्राम गुलड़िया भूपसिंह निवासी जसपाल पुत्र वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली।पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस ने इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्य और स्थानीय सुरागों के आधार पर वारदात को महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन बरामद कर ली हैं। शेष चोरी गया सामान बरामद करने और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने चोरी में अन्य दो साथियों का भी नाम उजागर किया है। इनमें राजू पुत्र महेन्द्र (उम्र करीब 28 वर्ष) निवासी ग्राम धर्मपुर खुर्द, थाना पूरनपुर और अरविंद पुत्र बल्ला निवासी ग्राम कुकरा, थाना मैलानी, जनपद लखीमपुर खीरी शामिल हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही फरार अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर शेष माल बरामद किया जाएगा।पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि घरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
———————————————————————–




