बिलासपुर गांव में विकास कार्यों को लेकर खड़ा हुआ विवाद, प्रधान ने बताया आरोप निराधार
ग्राम प्रधान पर पक्षपात के आरोप, ग्रामीणों ने सीएम को भेजा पत्र

बिलासपुर गांव में विकास कार्यों को लेकर खड़ा हुआ विवाद, प्रधान ने बताया आरोप निराधार
ग्राम प्रधान पर पक्षपात के आरोप, ग्रामीणों ने सीएम को भेजा पत्र
बिलसंडा,पीलीभीत।जनपद पीलीभीत की मीरपुर बिलासपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान मोहम्मद रफी द्वारा गांव में एकतरफा विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे गांव में सामाजिक असंतोष की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, नाली और खड़ंजा जैसे सार्वजनिक निर्माण कार्य केवल कुछ खास मोहल्लों तक सीमित हैं, जबकि अन्य हिस्सों को लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। इसको लेकर गांव की महिलाओं और बुजुर्गों ने भी खुलकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें ग्रामीण अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से उनके मोहल्लों में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ, जबकि पंचायत के अन्य क्षेत्रों में लगातार काम हो रहे हैं। वहीं, इस संबंध में ग्राम प्रधान मोहम्मद रफी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनका कार्य किसी धर्म, जाति या समुदाय के आधार पर नहीं होता। उन्होंने कहा, मैंने गांव के सभी हिस्सों में विकास कार्य कराए हैं, जिनमें मंदिर, स्कूल और हिंदू मोहल्ले की गलियों में इंटरलॉकिंग भी शामिल हैं। प्रधान ने आरोप लगाने वाले व्यक्ति को लेकर कहा कि वह विवादित छवि वाला शख्स है, जो आए दिन किसी न किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि के खिलाफ शिकायत करता रहता है। प्रधान ने आगे बताया कि हमारी कार्य योजना में गांव के हर हिस्से के लिए काम शामिल हैं और जल्द ही अन्य क्षेत्रों में भी कार्य प्रारंभ होंगे। फिलहाल यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।




