खेतों में काम कर रहे मजदूरों के सामने तेंदुआ आने से मजदूरों के छूटे पसीने

खेतों में काम कर रहे मजदूरों के सामने तेंदुआ आने से मजदूरों के छूटे पसीने
अमरिया क्षेत्र में डूनीडाम के निकट शुक्ला फार्म में पहुंचे तेंदुए की एक सप्ताह पूर्व से चहलकदमी बनी हुई है। आबादी के निकट तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। तेंदुए की बढ़ती सक्रियता के बाद शुक्रवार को सामाजिक वानिकी की टीम ने मौका मुआयना कर तेंदुए की निगरानी बढ़ा दी है।
पीलीभीत निवासी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि उनका विकास खंड अमरिया क्षेत्र में डूनीडाम के निकट कृषि फार्म है। शुक्रवार को लगभग 11 बजे गांव भूड़ा कैमोर निवासी मजदूर पप्पू , सलमान, राजपाल,ढाकन लाल, राजेन्द्र कुमार, महादेव गन्ने एवं धान के खेत में दोपहर 11 बजे खाद डाल रहे थे। इस दौरान गन्ने के खेत से तेंदुआ निकलकर अचानक मजदूरों के सामने आ गया। तेंदुआ सामने देख सभी मजदूरों के पसीने छूट गए। मज़दूरों ने शोर शराबा करते हुए किसी तरह भाग कर फार्म हाउस पहुंच कर अपनी जान बचाई। तेंदुआ चहलकदमी करते हुए देवहा नदी किनारे झाड़ियों में चला गया। इसके बाद फार्म के मेनेजर की सूचना पर सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंच कर जानकारी जुटाई। वन दरोगा शीलेंद्र कुमार ने बताया कि तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों को अलर्ट कर निगरानी बढ़ा दी गई है।