डीएम ने पूरनपुर चीनी मिल का किया निरीक्षण,समय से मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश

डीएम ने पूरनपुर चीनी मिल का किया निरीक्षण,समय से मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश
पूरनपुर,पीलीभीत।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने मंगलवार को दि किसान सहकारी चीनी मिल पूरनपुर का निरीक्षण कर मरम्मत व अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं ताकि मिल तय समय पर शुरू हो सके।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि वर्तमान में डिसमेंटलिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है और आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति हेतु ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और मिल संचालन में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।जिला गन्ना अधिकारी ने जानकारी दी कि बीते सत्र में चीनी मिल ने 5 दिसंबर 2024 को पेराई शुरू की थी, जिसमें कुल 16.22 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी। मिल 28 फरवरी 2025 को बंद हुई थी। जिलाधिकारी ने संचालक मंडल से बातचीत कर इस बार मिल को और बेहतर तरीके से संचालित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि गन्ना क्रय केंद्रों और मिल गेट पर किसानों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पूरनपुर, जिला गन्ना अधिकारी, प्रधान प्रबंधक, मुख्य अभियंता, मुख्य गन्ना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।